कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार के पहले 100 दिन निराशाजनक रहे हैं और देश की जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है। यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कहा, "मोदी सपनों के सौदागर हैं जो लोगों को झूठे सपने दिखाकर सत्ता में आए।"उन्होंने मोदी के पहले 100 दिनें के कार्यकाल को 'वाक्चातुर्य'में उच्च और कामकाज के लिहाज से न्यूनतम करार दिया।
उन्होंने कहा, "इस सरकार के पहले 100 दिन निराशाजनक रहे हैं, जिसमें वादाखिलाफी, संस्थाओं को बौना बनाया जाना, प्रशासनिक और शासन के साथ समझौता और एक ऐसी कार्य संस्कृति का प्रोत्साहन है जिसमें अविश्वास और भय की भरमार है।"
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने लोकलुभावन वादों और कभी न पूरे होने वाले सपने बेचकर सत्ता पर कब्जा किया। शर्मा ने कहा कि यह 'जनता के साथ धोखाधड़ी'है। जनता गुमराह की गई। शर्मा ने शिक्षा प्रणाली का राजनीतिककरण करने का आरोप भी लगाया।