बाढ़ और भूस्खलन से जूझ रहे जम्मू एवं कश्मीर को बिहार सरकार आर्थिक मदद देगी। मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने यह घोषणा मंगलवार को की। उन्होंने कहा कि जम्मू एवं कश्मीर को बाढ़ आपदा प्रबंधन में सहयोग के लिए 10 करोड़ रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष से दी जा रही है। उन्होंने कहा कि बिहार से सूखा राशन और नावें भी कश्मीर भेजे जाएंगे। बिहार सरकार बाढ़ एवं भूस्खलन पीड़ितों को संकट से उबारने के लिए उमर अब्दुल्ला सरकार की हरसंभव सहायता करेगी।
उल्लेखनीय है कि धरती का स्वर्ग कहे जाने वाले जम्मू एवं कश्मीर में बाढ़ के कारण लाखों लोग जहां-तहां फंसे हुए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं। बाढ़ से राज्य को काफी नुकसान हुआ है। पर्यटन के लिए गए बिहार के कई जिले के लोग भी जम्मू एवं कश्मीर में आई बाढ़ के कारण विभिन्न स्थानों पर फंसे हुए हैं।