Quantcast
Channel: Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)
Viewing all articles
Browse latest Browse all 79287

भाजपा चुनाव जीतने के लिए हिंसा भड़काती है: राहुल गांधी

$
0
0
bjp-violence-to-win-elections-rahul
गुवाहाटी, 12 दिसंबर, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) पर चुनाव से पहले मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए दंगे और धार्मिक हिंसा भड़काने का आरोप लगाया और असम के लोगों को अगले वर्ष होने वाले चुनाव के मद्देनजर इस तरह की घृणित गतिविधियों से बचने की सलाह दी। श्री गांधी ने बारपेटा शहर से मेधिरतरी तक सात किलोमीटर की अपनी पदयात्रा के बाद एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, “भाजपा के पास लोगों को आपस में लड़ाने का ही फंडा है। भाजपाई नफरत और गुस्सा फैलाते हैं और भाइयों को आपस में लड़ाते हैं। भाजपा जानती है कि अगर लोग एक रहेंगे तो वह जीत नहीं सकती इसलिए जहां भी चुनाव होते हैं भाजपा हिंसा भड़काती है।” 

उन्होंने भाजपा पर मतदाताओं से खोखले वादे करने का अाराेप लगाया। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार चुनाव से पहले किए गए वादों को पूरा करने में नाकाम रही है, जिससे भाजपा की असलियत सबके सामने आ गई है। कांग्रेस नेता ने कहा, “मोदी ने गत वर्ष लोकसभा चुनाव के पहले बड़े-बड़े वादे किए थे। वह विधानसभा चुनाव से पहले फिर असम आएंगे और खोखले वादे करेंगे। तब लोगों को उनसे पूछना चाहिए कि असम को विशेष दर्जा देने का क्या हुआ। काले धन को वापस लाने के बाद प्रत्येक भारतीय के खाते में 15 लाख रुपये डालने के वादे का क्या हुआ। श्री गांधी ने कहा कि बिहार के मतदाताओं ने श्री मोदी और भाजपा को नकार दिया तथा अगले वर्ष असम विधानसभा चुनाव में भी यही होगा। 

राज्य में तरुण गोगोई की सरकार की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा, “15 वर्ष पहले असम में हिंसा का माहौल था। तरुण गोगोई राज्य में शांति एवं समृद्धि लेकर आए। हिंसा जारी रहने के साथ विकास नहीं हो सकता।” पद यात्रा में श्री गांधी के साथ मुख्यमंत्री तरुण गोगोई और असम कांग्रेस के प्रभारी सी पी जोशी के समेत कई लोग शामिल थे। इससे पहले उन्होंने यहां पत्रकारों से देश की राजनीतिक हालात तथा असम में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की। श्री गांधी ने कल तीन कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था। उन्होंने महिला स्व सहायता समूहों से बातचीत की। इसके अलावा वह प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यकारिणी की बैठक तथा पंडित जवाहर लाल नेहरू की 125वीं जयंती पर आयोजित प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल हुए।

Viewing all articles
Browse latest Browse all 79287

Trending Articles



<script src="https://jsc.adskeeper.com/r/s/rssing.com.1596347.js" async> </script>