बिहार के मधुबनी जिले के मधेपुर प्रखंड क्षेत्र में बुधवार को दो गुटों में संघर्ष में दो लोगों की मौत हो गई। संघर्ष का कारण वर्चस्व की लड़ाई बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार रामबाग क्षेत्र में सुबह एक चाय की दूकान पर दो गुटों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों गुटों की ओर से गोलीबारी शुरू हो गई। इस गोलीबारी में रिंकु यादव नाम के युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे गुट के एक व्यक्ति बिहारी यादव घायल हो गया।
घायल व्यक्ति को मधेपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया जहां दूसरे गुट के लोग पहुंचकर बिहारी की पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है तथा पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। इस मामले की प्राथमिकी संबंधित थाना में दर्ज करा दी गई है।