पाकिस्तान में एक 18 साल की एक लड़की ने उसके साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी की जमानत में पुलिस के सहयोग के विरोध में खुद को आग लगा ली। डॉन ऑनलाइन के मुताबिक, पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में लड़की ने गुरुवार को खुद को आग लगा ली। लड़की की शुक्रवार को अस्पताल में मौत हो गई।
अदालत द्वारा आरोपी को जमानत मिलने के बाद लड़की ने मुजफ्फरगढ़ से लगभग 40 किलोमीटर की दूरी पर स्थित बेत मीर हजार पुलिस स्टेशन के जांच अधिकारी जुल्फिकार अहमद के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उसके बाद उसने अपने कपड़ों पर पेट्रोल डाल लिया और पुलिस स्टेशन के सामने ही खुद को आग लगा ली।
कुछ पुलिसकर्मियों ने उसे जतोई सिविल अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर पीड़िता को मुल्तान के एक अस्पताल में पहुंचाया गया। अस्पताल के चिकित्सा प्रमुख ने बताया कि लड़की 80 फीसदी जल चुकी थी। जुल्फिकार अहमद और एक अन्य पुलिसकर्मी राय शाहिद को निलंबित कर दिया गया है। पंजाब प्रांत के मुख्यमंत्री मुहम्मद शाहबाज ने घटना की रिपोर्ट मांगी है। गौरतलब है कि पीड़िता पांच जनवरी को अपने कॉलेज से घर वापस जा रही थी, तभी आरोपी ने चार साथियों के साथ वीरान इलाके में उसके साथ दुष्कर्म किया था।