झामुमो विधायक विद्युत वरण महतो अब जमशेदपुर लोक सभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार होंगे। पार्टी ने बुधवार रात को उनके नाम की घोषणा कर दी है। इससे पूर्व देर शाम भाजपा के प्रदेश कार्यालय में विद्युत ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। हेमलाल मुर्मू के बाद झामुमो को अलविदा कहनेवाले वह दूसरे विधायक हैं। भाजपा में शामिल होने के पूर्व उन्हें दिल्ली बुलाया गया था। वहां पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के साथ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह से उन्होंने मुलाकात की।
इसके बाद देर शाम वह मुंडा के साथ रांची आए और प्रदेश कार्यालय पहुंचे। सदस्यता लेने के कुछ देर बाद ही जमशेदपुर से विद्युत की उम्मीदवारी घोषणा कर दी गई। पार्टी ने राज्य की अन्य 13 सीटों पर पहले ही उम्मीदवार घोषित कर दिए थे। शनिवार से टल रहा था मामलाः विद्युत वरण महतो का भाजपा में शामिल होने का मामला शनिवार से चल रहा था। पहले चर्चा थी कि प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय उन्हें पार्टी में शामिल कराएंगे। अपने समर्थकों के साथ वह रांची पहुंच भी गए, लेकिन शनिवार को मामला टल गया।
होली के दिन सोमवार को आनन-फानन में महतो को दिल्ली बुलाया गया। इसके बाद मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा भी दिल्ली गए। अंधरे में थे प्रदेश के भाजपा नेतामहतो के शामिल होने के मामले को लेकर प्रदेश के नेता भी अंधेरे में थे। उन्हें भी महतो को पार्टी में शामिल होने के बारे पुख्ता जानकारी नहीं थी। बुधवार शाम को चर्चा थी कि महतो को दिल्ली में शामिल करा लिया गया। वह दिल्ली में भाजपा के कार्यक्रम में भी मौजूद थे।
इसमें जगदंबिका पाल और राजू श्रीवास्तव को शामिल कराया गया, लेकिन महतो को वहां पार्टी की सदस्यता नहीं मिली। विरोध भी हुआ विद्युत वरण महतो को पार्टी में शामिल करने का विरोध भी हुआ। सबसे अधिक विरोध करने वाले पूर्व विधायक सरयू राय थे। उन्होंने दिल्ली तक विरोध दर्ज कराया था। विद्युत के पार्टी में शामिल होने के बाद उन्होंने कहा, इस बारे में समय आने पर कुछ कहूंगा, अभी कुछ नहीं बोलना है।