दिल्ली विश्वविद्यालय के एक प्रोफेसर को महाराष्ट्र पुलिस के एक दल ने यहां नक्सली गतिविधियों में कथित संलिप्तता के लिए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उपायुक्त सिंधु पिल्लै ने बताया, "दिल्ली विश्वविद्यालय में अंग्रेजी के प्राध्यापक जी.एन. साईबाबा को विश्वविद्यालय के उत्तरी परिसर स्थित उनके आवास से शुक्रवार अपराह्न् गिरफ्तार किया गया।"
व्हीलचेयर पर चलने वाले प्रोफेसर साईबाबा को गिरफ्तार कर महाराष्ट्र ले जाया गया। पुलिस दल ने उनके घर की तलाशी ली और कुछ दस्तावेज जब्त किए। सूत्रों ने कहा कि इसके पहले जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के छात्र और कार्यकर्ता हेम मिश्र को महाराष्ट्र के गड़चिरौली जिले में उनके कथित नक्सली संपर्क के लिए गिरफ्तार किया जा चुका है।