नई सरकार बनने की संभावना के बीच प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की विदाई की तैयारी भी शुरू हो गई है। यूपीए की अध्यक्ष सोनिया गांधी बुधवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के सम्मान में फेयरवेल पार्टी दे रही हैं।
सोनिया गांधी ने आज प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के सम्मान में डिनर का आयोजन किया है। इसमें मनमोहन सिंह को विदाई दी जाएगी। सोनिया यह पार्टी लोकसभा चुनाव नतीजे घोषित होने से दो दिन पहले दे रहीं हैं। कहा जा रहा है कि इस विदाई समारोह के दौरान सोनिया धन्यवाद भाषण भी देंगी। इस भोज में कई केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस वर्किग कमेटी के सदस्य भाग लेंगे। मनमोहन सिंह लोकसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के अगले दिन यानी 17 मई को अपना पद छोड़ देंगे।
गौरतलब है कि मनमोहन सिंह ने इस साल की शुरुआत में ही प्रधानमंत्री पद की दौड़ में शामिल नहीं होने की घोषणा कर दी थी। मनमोहन सिंह ने दस साल तक यूपीए सरकार की कमान संभाली। पद छोड़ने से एक दिन पहले मनमोहन सिंह राष्ट्र के नाम अपना संदेश भी देंगे।