Quantcast
Channel: Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)
Viewing all articles
Browse latest Browse all 78528

बिहार में सरगर्मी तेज, राजद के 3 विधायकों ने दिया इस्तीफा

$
0
0

lalu prasad yadav
बिहार में पल-पल बदलते राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच जनता दल (युनाइटेड) के विधायकों का एक धड़ा जहां विधायकों की बैठक में एकबार फिर नीतीश कुमार को नेता बनाने पर अड़ा है वहीं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने जद (यू) को समर्थन देने के मामले में पार्टी के किसी नेता से संपर्क करने से इंकार किया है। इस बीच राजद के तीन विधायकों ने इस्तीफा दे दिया। राजद के बागी हुए तीन विधायक सम्राट चौधरी, रामलखन राम और जावेद इकबाल अंसारी ने रविवार को इस्तीफा दे दिया। ये तीनों विधायक पहले ही पार्टी से बगावत कर विधानसभा अध्यक्ष से अलग दल की मान्यता की मांग कर चुके हैं, जिसे अध्यक्ष ने इंकार कर दिया है। 

इस बीच भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल शाम को राज्यपाल से मिलेगा। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता और भाजपा के वरिष्ठ नेता नंदकिशोर यादव ने बताया कि शाम को सवा छह बजे भाजपा का प्रतिनिधिमंडल राजभवन जाकर राज्यपाल से मिलेगा और राज्य की ताजा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करेगी। बिहार विधानसभा भंग कराने की मांग पर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि भाजपा विधानसभा भंग करने के पक्ष में नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी राजनीति स्थिति पर नजर रखे हुए है। 

उधर जद (यू) के अध्यक्ष शरद यादव रविवार को सुबह दिल्ली से पटना पहुंचे। उन्होंने पटना में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि नीतीश के इस्तीफे का फैसला पार्टी का फैसला है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से जनादेश मिला है उसमें आज देश के सामने संविधान की रक्षा का प्रश्न है। उन्होंने कहा कि शाम को विधायक दल की बैठक होगी जिसमें विधायक दल के नेता अपना नेता चुनेंगे। इस बीच बिहार के मंत्री और जद (यू) के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र सिंह भी दिल्ली से पटना पहुंचे। उन्होंने कहा, "कई विधायकों से उनकी बात हुई है और फिर से नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुना जाएगा।"उन्होंने कहा कि नीतीश को मना लिया जाएगा। 

इधर, नीतीश कुमार मुख्यमंत्री आवास छोड़ने की तैयारी में लगे हुए हैं। जद (यू) के एक नेता की मानें तो पटना में एक आवास का भी उन्होंने चयन कर लिया है। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने जद (यू) सरकार को समर्थन देने के मुद्दे पर शरद यादव या नीतीश कुमार से संपर्क किए जाने से इंकार किया है। उन्होंने रविवार को कहा, "जद (यू) के किसी भी नेता से इस संबंध में उनकी कोई बात नहीं हुई है। जद (यू) का यह अपना मामला है। जद (यू) के विधायक दल की बैठक होनी है। राजद सभी परिस्थितियों पर नजर रखे हुए है।" 

इस बीच बिहार के एक मंत्री विजय कुमार चौधरी ने भी नीतीश कुमार को मनाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि दल के सभी विधायकों से बात चल रही है। उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव में शर्मनाक पराजय की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को इस्तीफा दे दिया है। लोकसभा चुनाव में जद (यू) को दो सीटें मिली है। बिहार विधानसभा में जद (यू) के 117 सदस्य हैं जबकि भाजपा के 90, राजद के 24, कांग्रेस के चार और अन्य सात सदस्य हैं। 

Viewing all articles
Browse latest Browse all 78528

Trending Articles



<script src="https://jsc.adskeeper.com/r/s/rssing.com.1596347.js" async> </script>