पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जीने कहा है कि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गोपीनाथ मुंडे के अचानक निधन से गहरा आघात पहुंचा है। मंगलवार सुबह एक सड़क दुघटना में मुंडे की मौत हो गई। अपने फेसबुक पेज पर बनर्जी ने लिखा है, "श्री गोपीनाथ मुंडे की अचानक और त्रासद मृत्यु की खबर सुनकर मैं गहरे सदमे में हूं।" उन्होंने कहा, "मैं लंबे समय से उन्हें जानती हूं। यह अत्यंत बुरी खबर है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें।" महाराष्ट्र की राजनीति के कद्दावर नेता मुंडे (64) दुर्घटना के समय अपनी मारुति सुजूकी एसएक्स 4 कार से इंदिरा गांधी हवाईअड्डा जा रहे थे। दक्षिणी दिल्ली के अरबिंदो चौक पर सुबह 6:20 के आसपास एक इंडिका कार ने उनकी कार को टक्कर मार दी। एक चिकित्सक के मुताबिक, दुर्घटना के कारण पहुंची अंदरूनी चोट के कारण उनकी हृदय गति रुक गई जिससे उनकी मौत हुई।
बिहार के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझीने केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता गोपीनाथ मुंडे के निधन पर शोक व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में मांझी ने महाराष्ट्र के बीड के सांसद मुंडे को एक अनुभवी राजनीतिज्ञ और सामाजिक कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि उनके निधन से सामाजिक और राजनीति के क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है। उल्लेखनीय है कि मुंडे का मंगलवार सुबह दिल्ली में एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया।