बिहार में दो युवकों के अपहरण व हत्या के आरोप में भीड़ द्वारा सरेआम निर्वस्त्र कर पिटी गई महिला को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पिछले दिनों वह अस्पताल से गायब हो गई थी, जहां उसका इलाज चल रहा था। अधिकारियों ने बताया कि उसे पटना के एक अस्पताल से गायब होने के तीन दिन बाद गिरफ्तार किया गया है, जहां उसका हमले में घायल होने के बाद उपचार चल रहा था।
संगीता देवी पर भीड़ ने जहानाबाद जिले के निजामुद्दीनपुर गांव में जमीन के सौदे में शामिल दो युवकों के अपहरण और हत्या करने आरोप में हमला किया था। दोनों युवकों का शव पिछले गुरुवार को पटना के सिगौरी के नजदीक पाया गया था। मृतकों में से एक के पिता ने महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था।
जहानाबाद के पुलिस अधीक्षक आदित्य कुमार ने कहा कि संगीता को उसकी बेटी के साथ तहता के नजदीक एक गांव से गिरफ्तार किया गया। पुलिस उसे स्थानीय अदालत में पेश करेगी। महिला के अस्पताल से गायब होने पर आदित्य कुमार ने सात पुलिस अधिकारियों को कर्तव्य का निर्वहन करने में हुई चूक पर निलंबित कर दिया था।
महिला को सरेआम निर्वस्त्र कर पीटने के आरोप में 600 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। महिला के बयान के आधार पर भी चार-पांच अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।