Quantcast
Channel: Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)
Viewing all articles
Browse latest Browse all 78528

कांग्रेस देशवासियों को पारदर्शी, सहभागी और जवाबदेह शासन देगी

$
0
0
कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के खात्मे तथा देशवासियों को पारदर्शी, सहभागी और जवाबदेह शासन प्रदान करने की प्रतिबद्धता के साथ पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में अगले चुनाव में उतरने का संकल्प किया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने आज यहां एक प्रस्ताव में पिछले विधानसभा में पार्टी की हार को एक चेतावनी मानते हुये कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने का आह्ववान किया। 
        
प्रस्ताव में सांप्रदायिक और विघटनकारी ताकतों को देश के लिये गंभीर चुनौती बताते हुये कहा गया कि कांग्रेस ने धर्मनिरपेक्ष मूल्यों की रक्षा और उन्हें मजबूत बनाने के लिये हमेंशा अग्रणी भूमिका निभायी है और आगे भी निडरता से इसे निभाती रहेगी। पार्टी ने कहा कि 2014 का लोकसभा चुनाव दो विपरीत विचारधाराओं के बीच लडा जायेगा, एक जो लोगों को बांटना चाहती है और दूसरी जो भारत को एकजुट रखने का प्रयास करती है। पार्टी ने उदार धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक नजरिये को आगे बढाने का संकल्प दोहराते हुये सभी समान विचारधारा वाली राजनीतिक और सामाजिक ताकतों से एकजुट होने और आपस में सहयोग करने का आग्रह किया है। 
         
हाल के चुनावों में पार्टी के खराब प्रदर्शन का मुख्य कारण बने भ्रष्टाचार और महंगाई के बारे में पार्टी ने कहा कि आने वाले समय में इनसे निपटना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। पार्टी ने भ्रष्टाचार को किसी भी हाल में स्वीकार नहीं करने का वादा करते हुये कहा है कि उसके नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने इससे निपटने के कई कदम उठाये हैं। लोकपाल विधेयक को पारित करने के लिये सरकार की सराहना करते हुये उसने इसे महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया लेकिन कहा कि यह अकेले भ्रष्टाचार से लडने के लिये पर्याप्त नहीं होगा। भारत को एक व्यापक भ्रष्टाचार निरोधक संहिता की जरुरत है जिसे सरकार ने नौ नये केंद्रीय कानूनों के जरिये विकसित किया है। इनमें से छह विधेयक संसद के सामने हैं। पार्टी ने अगले माह होने वाले संसद सत्र में उन्हें पारित करने के लिये संसद और सरकार से अनुरोध किया है। 
        
पार्टी ने महंगाई को आम आदमी पर सबसे बडा बोझ बताया और कहा कि मूल्य वृद्धि के विरुद्ध लडाई कांग्रेस की प्रबल नीतिगत प्राथमिकता रहेगी। आर्थिक विकास, निवेश और बुनियादी ढांचे की चर्चा करते हुये प्रस्ताव में कहा गया कि कांग्रेस रोजगार के अवसर सृजित करने और आम आदमी की आमदनी बढाने के लिये बेहद जरुरी उच्च आर्थिक विकास के लिए अपनी वचनबद्धता को दोहराती है।


वैश्विक वित्तीय संकट और लगभग सभी उभरती अर्थव्यवस्थाओं में आर्थिक मंदी के बावजूद भारत दुनिया में दूसरा सबसे बडा और सबसे तेजी से बढती अर्थव्यवस्था वाला देश बना हुआ है। भले ही हाल के आर्थिक मंदी वाले वर्ष शामिल कर लिए जाएं, तो भी कांग्रेस नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार के तहत पिछले नौ वर्षों में हासिल विकास दर, भारतीय इतिहास में किसी भी नौ साल की अवधि के दौरान की विकास दर में सबसे ज्यादा है।

कांग्रेस उच्च आर्थिक वृद्धि बनाए रखने वाली नीतियों को अनवरत बढावा देती रहेगी, जिससे रोजगार सृजन के साथ साथ सामाजिक कल्याण कार्यक्रमों के लिए सरकार को राजस्व मिलता रहे। पार्टी ने घरेलू तथा विदेशी निवेश के अनुकूल कारोबारी माहौल बनाए रखने और छोटे कारोबारियों और छोटे व मझौले उद्यमियों को विशेष बढावा देने का संकल्प जताया। देश के लगभग सभी भागों को जोडने वाले प्रस्तावित औद्योगिक कॉरिडोर दुनिया में लागू होने वाली सबसे नई तरह की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में से एक हैं। कांग्रेंस पार्टी विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे के निर्माण को समयबद्ध ढंग से आगे बढाने और विशेष आकर्षित करने, द्विपक्षीय व्यापार और पूंजी प्रवाह बढाने और विशेष तौर पर श्रम आधारित विनिर्माण क्षेत्र को बढावा का काम अनवरत जारी रखेगी। 
        
पार्टी ने युवाओं के लिये हर वर्ष दस लाख नौकरियां सृजित करने तथा इन नौकरियों को हासिल करने के लिये युवाओं को योग्य बनाने के प्रति अपनी वचनबद्धता दोहरायी है।


Viewing all articles
Browse latest Browse all 78528

Trending Articles



<script src="https://jsc.adskeeper.com/r/s/rssing.com.1596347.js" async> </script>