मैथिली के छठे दशक के परिचित कथाकार बलराम के कहानी संग्रह 'दकचल देबाल'का अंग्रेजी अनुवाद 'द स्क्रैच्ड वॉल'का लोकार्पण बिहार के मधुबनी जिले के मधेपुर प्रखंड स्थित हर्षपति सिंह महाविद्यालय के सभागार में शनिवार को हुआ। अंग्रेजी अनुवाद भैरवेश्वर झा ने किया है। मैथिली कवि और बलराम के सुपुत्र सारंग कुमार ने इस पुस्तक का लोकार्पण किया। इस अवसर पर प्रो. देवकांत झा, डॉ. श्रीपति सिंह, शुभेंदु चौधरी और प्रो.मदनेश्वर झा ने अपने उद्गार व्यक्त किए एवं संस्मरण सुनाए। इस पुस्तक का प्रकाशन धर्मानंद शोध संस्थान, मधेपुर ने किया है।
इस अवसर पर मदनेश्वर झा ने कहा कि दकचल देबाल की कहानियां विश्व स्तर की हैं। इनका अनुवाद अंतर्राष्ट्रीय भाषा में होने से मैथिली कहानियों के स्तर से अन्य भारतीय भाषाओं एवं देश से बाहर के लोग भी परिचित होंगे।