जिले में धूमधाम से मनाई गई स्वतंत्रता की 67 वीं वर्षगांठ, कलेक्टर ने किया मुख्य समारोह में ध्वजारोहण
15 अगस्त 2014 को स्वतंत्रता दिवस की 67 वीं वर्षगांठ जिले में हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर सभी शासकीय कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा झंडा फहराया गया तथा स्कूलों के बच्चों द्वारा प्रभात फेरियां निकाली गई और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी पूरे उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय में मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया था। जिसमें कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री व्ही. किरण गोपाल द्वारा तिरंगा झंडा फहराया गया और परेड की सलामी ली गई। इस अवसर पर जिला पुलिस बल, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, कोबरा बटालियन, महिला पुलिस बल व होमगार्ड के जवानों तथा एन.सी.सी. के केडेट्स द्वारा मार्च पास्ट किया गया। इस अवसर पर मीसा बंदियों का सम्मान भी किया गया। मुख्य समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कुंती धुर्वे, बालाघाट रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री के.पी. खरे, उप पुलिस महानिरीक्षक श्री डी.पी. सिंह, बालाघाट वन वृत्त के मुख्य वन संरक्षक पुष्कर सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री गौरव तिवारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तरूण राठी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रेखा बिसेन, जिला पंचायत के सदस्य श्री युसूफ पटेल, नगर पालिका बालाघाट के अध्यक्ष श्री रमेश रंगलानी, पार्षद, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक एवं शालाओं के बच्चे उपस्थित थे। मुख्य समारोह में प्रात: 9 बजे कलेक्टर श्री किरण गोपाल ने तिरंगा झंडा फहराया। इसके पश्चात राष्ट्रगान जन-गण-मन का गायन किया गया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि मंत्री श्री किरण गोपाल ने परेड का निरीक्षण किया। परेड के निरीक्षण के पश्चात उन्होंने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह का प्रदेश की जनता के नाम दिया गया संदेश पढ़कर सुनाया। इसके पश्चात पुलिस बल, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, होमगार्ड के जवानों एवं एन.सी.सी. के केडेट्स द्वारा शानदार मार्चमास्ट किया गया और तिरंगे झंडे को सलामी दी गई। इस अवसर पर जवानों द्वारा हर्ष फायर भी किये गये। कार्यक्रम में गुब्बारे छोड़े गये तथा मीसा बंदियों का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात विभिन्न शालाओं के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के पश्चात विभिन्न परीक्षाओं एवं प्रतियोगिताओं में जिले का नाम रोशन करने वाले विद्यार्थियों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरूस्कृत किया गया।
मार्च पास्ट में सी.आर.पी.एफ. को प्रथम एवं कोबरा बटालियन को द्वितीय स्थान
15 अगस्त को पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में शानदार मार्च पास्ट के लिए सी.आर.पी.एफ. की 123 वीं बटालियन के जवानों को प्रथम पुरूस्कार के रूप में प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान की गई। सी.आर.पी.एफ. के परेड कमांडर उप निरीक्षक श्री ओमप्रकाश शर्मा के नेतृत्व में बल के जवानों ने शानदार मार्च पास्ट किया। मुख्य समारोह में कोबरा बटालियन के परेड कमांडर उप निरीक्षक अशोक यादव के नेतृत्व में जवानों ने शानदार मार्च पास्ट कर द्वितीय पुरूस्कार प्राप्त किया। मार्च प्रास्ट में जिला महिला पुलिस बल को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्कृष्ट विद्यालय ने बाजी मारी
15 अगस्त को पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बाजी मारी। उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य के श्री राजेन्द्र लटारे के मार्गदर्शन में श्रीमती अमिता तुरकर के निर्देशन में 130 छात्र-छात्राओं ने आकर्षक एवं शानदार प्रस्तुति देकर प्रथम पुरूस्कार प्राप्त किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में महारानी लक्ष्मी बाई विद्यालय को तृतीय पुरूस्कार प्राप्त हुआ।
उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित
लोकसभा चुनाव 2014 में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री एस.एस. गहरवार, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री जी.पी. वर्मा, कोषालय अधिकारी श्री अश्विन सिंह परिहार, जनसम्पर्क अधिकारी श्री अनिल कुमार पटले एवं निर्वाचन पर्यवेक्षक श्री डी.के. पटले को म.प्र. राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया है। इन अधिकारियों को 15 अगस्त को मुख्य समारोह में कलेक्टर श्री व्ही. किरण गोपाल ने प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। लोक सभा चुनाव में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए एन.आई.सी. के दीपक, रेवेश बिसेन, नगर पालिका के कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
नवीन कलेक्ट्रेट में पहली बार मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
नवीन कलेक्ट्रेट भवन में 15 अगस्त को प्रथम बार स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। कलेक्टर श्री व्ही. किरण गोपाल ने प्रात: 7.30 बजे तिरंगा झंडा फहराया। इस अवसर पर नव पदस्थ सहायक कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, अपर कलेक्टर श्री दिलीप कापसे, संयुक्त कलेक्टर श्री संजय जैन, कोषालय अधिकारी श्री अश्विन सिंह परिवार, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री सत्येन्द्र सिंह मरकाम, जिला आपूर्ति अधिकारी सुश्री रश्मि साहू, जिला पंजीयक सुश्री निधि जैन, खनिज अधिकारी श्री अली, आबकारी अधिकारी श्री श्री सेंगर तथा नवीन कलेक्ट्रेट में शिफ्ट हो चुके जनसम्पर्क, आदिवासी विकास, जिला आपूर्ति, आबकारी, पंजीयक, खनिज कार्यालय तथा कलेक्ट्रेट की सभी शाखाओं के कर्मचारी उपस्थित थे।
गर्रा में बच्चों के साथ लिया विशेष भोजन में शामिल हुए कलेक्टर
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को जिले की सभी शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में बच्चों को विशेष मध्यान्ह भोजन परोसा गया। बच्चों को विशेष भोजन के रूप में खीर, पुड़ी, हलुवा के साथ लड्डू भी दिये गये। 15 अगस्त को लालबर्रा विकासखंड के ग्राम गर्रा की प्राथमिक व माध्यमिक शाला में विशेष भोजन का आयोजन किया गया था। इसमें कलेक्टर श्री व्ही. किरण गोपाल, पुलिस अधीक्षक श्री गौरव तिवारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री तरूण राठी, नवागत सहायक कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना समन्वयक श्री विनय रहांगडाले एवं अन्य गणमान्य नागरिकों ने बालिकाओं के साथ भोजन ग्रहण किया।
नक्सल प्रभावित क्षेत्र में भी मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र के ग्राम सोनगुड्डा, डाबरी, पाथरी, मछुरदा, दड़कसा, जालदा, उकवा, सोनपुरी, बिठली, लातरी, पितकोना, चिलोरा, चौरिया, लफरा, अडोरी, घुम्मुर, गंजेसर्रा, दुल्हापुर, घुनघुनवार्घा आदि ग्रामों में शासकीय शालाओं एवं पंचायत भवनों में स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को ध्वजारोहण किया गया और राष्ट्रगान जन-गण-मन का गायन किया गया। इसमें ग्रामीणों ने भी उत्साह से भाग लिया। इन ग्रामों के ग्रामीण भी मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम में शामील हुए। इस अवसर पर उन्होंने ग्राम सभा की बैठक में भी भाग लिया।
समाज और स्कूल के जुड़ाव के लिए विद्यालय उपहार योजना
विद्यालय उपहार योजना समाज और स्कूल के जुडाव की योजना है। इस योजना से जुडकर व्यक्ति, संस्था या औद्योगिक प्रतिष्ठानों के द्वारा स्कूलों की बेहतरी और विकास के लिए कार्य किया जा सकता है। शाला के विभिन्न वर्गा को शाला को वस्तुरूप सहायता प्रदान करना इस योजना का मकसद है। इस योजना के अन्तर्गत एजूकेषन पोर्टल पर एक आइकॉन उपलब्ध होगा। कोई भी व्यक्ति समूह,कम्पनी, ट्रस्ट या दानदाता अपनी इच्छा अनुसार विद्यालयों को वस्तुरूप उपहार दे सकते है। पोर्टल पर विद्यालय अपनी शाला की प्रमुख आवश्यकताओं को चिन्हित कर प्राथमिकता के क्रम में सूचीबध्द करेंगें। इस सूची के आधार पर कोई भी व्यक्ति/संस्था/समूह/ट्रस्ट/कम्पनी इन विद्यालयों को आवष्यक सामग्री उपहार के रूप में दे सकेंगें। विद्यालय स्तर पर समस्त योजना शाला प्रबंधन समिति के माध्यम से संचालित होगी। एजुकेशन पोर्टल पर समस्त शासकीय (कक्षा 1 से 12 तक) सामग्री की आवष्यकता की एन्ट्री http://educationportal.mp.gov.in/UpharYojna/Default.aspx पर संधारित किया जाना सुनिश्चित करे। जिससे शालाओं की आवष्यकता अनुसार उन्हे सामग्री प्राप्त हो सके।