समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए उसके 100 दिन के शासन की उपलब्धियों को शून्य बताया। मुलायम ने कहा कि भाजपा ने अपने घोषणापत्र में जो वादे किए थे, वे खोखले साबित हो रहे हैं। मैनपुरी के क्रिश्चियन कालेज के मैदान पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुलायम सिंह ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद से महंगाई और तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने कहा, 'अपने घोषणापत्र में भाजपा ने तमाम तरह के वाद किए थे, लेकिन आज उनके सारे दावे खोखले साबित हो रहे हैं।'
सपा प्रमुख ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश का सबसे बड़ा झूठा बताया। उन्होंने कहा कि मोदी ने देश को गुजरात मॉडल का झूठा सपना दिखाया। भाजपा शासन की जब शुरुआत ही झूठ से हो रही है तब ठोस और सही काम कैसे होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा एक सांप्रदायिक पार्टी है। इसके शासन में आते ही दंगे भड़क उठे। देश के भीतर भाजपा भाई को भाई से लड़ाने का काम कर रही है। इसके साथ ही देश की सीमा पर भी लोगों की निगाहें लग गई हैं। देश की सीमाएं भाजपा शासन में हमेशा की तरह से ही फिर असुरक्षित हो रही हैं।
मुलायम ने कहा कि भाजपा के लोग झूठ बोलने के साथ ही अफवाह फैलाने में माहिर होते हैं। जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है, वहां पर झूठ व फरेब चरम पर है। उन्होंने कहा कि मोदी गुजरात मॉडल की बात करते थे, अब नहीं कर रहे हैं। गुजरात में पानी का भयंकर संकट है। मोदी कब, क्या और कैसे करेंगे, कितने झूठ बोलेंगे, इसका अनुमान लगाना मुश्किल है।
मुलायम ने कहा, "मैनपुरी की जनता पर मुझको हमेशा से भरोसा रहा है। पिछले लोकसभा चुनाव में मैं शायद ही एक दिन के लिए प्रचार में आया, लेकिन यहां की जनता ने मुझे सांसद चुना।" उन्होंने कहा, 'मैं आजमगढ़ के लोगों का भी बहुत शुक्रगुजार हूं, जिन्होंने मुझे लोकसभा में भेजा। पहले मैंने कभी भी उपचुनाव के दौरान रैली नहीं की, लेकिन मैनपुरी की जनता से अपना जुड़ाव का मोह मैं छोड़ नहीं सकता हूं।'