केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने कोलकाता पुलिस को शहर में खास तौर से बंदरगाह इलाके में, आतंकी हमले की आशंका के बारे में खबरदार किया है। कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। इसके बाद भारत ने दो जहाजों को बंदरगाहों से हटा लिया है। आईएनएस खुकरी और आईएनएस सुमित्रा को हटा लिया है। दोनों को समुद्र की तरफ भेज दिया गया है।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार दोनों ही वॉरशिप को अघोषित ऑपरेशन कारणों से नेवी वीक सेलिब्रेशन सेरिमनी से हटा लिया गया है। इन वॉरशिप को शुक्रवार तक कोलकाता डॉक पर रुकना था। इन्हें आम जनता के लिए भी खोला जाना प्रस्तावित था। कोलकाता पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने अपनी पहचान गुप्त रखने की शर्त पर कहा, 'हमें केंद्रीय खुफिया एजेंसियों से ऐसी जानकारी मिली है कि कोलकाता में, खासतौर से बंदरगाह इलाके में, आतंकी हमला हो सकता है। हमने बंदरगाह इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और पूरे शहर में सुरक्षा बंदोबस्त मजबूत कर दिए हैं।'उन्होंने बताया कि जानकारी के अनुसार आतंकवादी छोटी नौकाओं का इस्तेमाल करके बंदरगाह क्षेत्र में हमला कर सकते हैं। केन्द्रीय खुफिया एजेंसियों ने शहर पुलिस को आतंकी हमले की आशंका से सतर्क किया
पश्चिम बंगाल सरकार ने भी सुरक्षा मुद्दे पर मीटिंग कर समीक्षा की। दिल्ली में आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जंगी जहाजों को वापस बुलाया जाना एक एहतियाती उपाय है। उधर, डिफेंस सीआरपीओ ने कहा है कि इसका आतंकवादी अलर्ट से कोई लेना देना नहीं है।