संयुक्त राष्ट्र संघ में भारत के स्थायी प्रतिनिधि के पद से हाल ही में सेवानिवृत्त हुए हरदीप सिंह पुरी गुरुवार को भाजपा में शामिल हुए। राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने पूर्व राजदूत पुरी का स्वागत करते हुए कहा, भाजपा को विदेश, सुरक्षा और व्यापार नीति के क्षेत्र में उनके अनुभवों का लाभ मिलेगा। ज्ञात हो, गत 13 दिसंबर को पूर्व केंद्रीय गृह सचिव आरके सिंह, पूर्व पेट्रोलियम सचिव आरएस पांडेय और रेलवे में आला अधिकारी रह चुके धर्म सिंह भाजपा में शामिल हुए थे।
हरदीप सिंह पुरी ने इस मौके पर भाजपा को राष्ट्रवादी सोच पर अडिग रहने वाली पार्टी बताते हुए कहा, इस दल का हिस्सा बनने पर उन्हें प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है। पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह और वरिष्ठ नेता उन्हें जो भी जिम्मेदारी देंगे उसे उठाने को वह तैयार हैं। बाद में पत्रकारों से बातचीत में पुरी ने नरेंद्र मोदी की शान में कसीदे काढ़ते हुए कहा, देश में बदलाव की बयार बह रही है और मोदी प्रभावी विकल्प के रूप में सामने हैं। चीन और पाक के साथ संबंधों के मामले में संप्रग सरकार के रवैये पर नाखुशी जताते हुए पूर्व राजदूत ने कहा, भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन राष्ट्रीय उद्देश्यों को प्रभावी तरीके से पूरा करने में सक्षम है। विदेश व सुरक्षा नीति पर भाजपा ध्यान केंद्रित रखती है और उसमें स्थितियों को अपने अनुकूल करने का मद्दा है। भाजपा के सत्ता में आने पर विदेश व सुरक्षा नीति में संभावित बदलावों के बारे में पूछे जाने पर पुरी ने कहा, इस बारे में कुछ कहना अभी जल्दबाजी होगा।
भारतीय विदेश सेवा के 1974 बैच के अधिकारी हरदीप सिंह पुरी ने 39 वर्षो के सेवा काल में विदेश और रक्षा मंत्रलय के विभिन्न अहम पदों पर काम किया। लंदन, जेनेवा और ब्रासीलिया के भारतीय दूतावास में सेवाएं दीं। सुरक्षा परिषद में भारतीय दल का नेतृत्व करने वाले पुरी आतंकवाद निरोधक समिति के मुखिया भी रहे हैं। ज्ञात हो, पूर्व केंद्रीय गृह सचिव आरके सिंह, पूर्व पेट्रोलियम सचिव आरएस पांडेय और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी रहे धर्म सिंह गत 13 दिसंबर को भाजपा में शामिल हुए थे। दो दशक पहले लालकृष्ण आडवाणी को गिरफ्तार करने वाले आरके सिंह ने संघ और भाजपा के राष्ट्रवाद की जयकार करते हुए कहा था कि पद पर रहते हुए उन्होंने कर्तव्य निभाया था, लेकिन दिल से यह भरोसा करते रहे कि भाजपा कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर समझौता नहीं करती है।