चेन्नई. 06 दिसम्बर, कई दशकों में सबसे भीषण बाढ़ का सामना कर रही तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में विमान, बिजली, संचार और रेल सुविधाएं बहाल होने के बाद जनजीवन धीरे-धीरे पटरी पर लौट रहा है। हालांकि चेन्नई और उसके आसपास के इलाकों में आज सुबह से ही रूक रूककर बारिश हो रही है। जलमग्न वेलाचेरी, माडिपक्कम और अडयार समेत शहर के कई हिस्सों में बिजली सेवाएं बहाल कर दी गई है। साथ ही कुछ भूमिगत मार्गों को भी खोला गया है।
चेन्नई सेन्ट्रल और चेन्नई एगमोर से रेल सेवाएं फिर से शुरु कर दी गई है। रनवे पर बाढ़ का पानी घुस आने के बाद बंद किए गए चेन्नई हवाईअड्डे से सुबह से ही व्यावसायिक विमान सेवाएं शुरु कर दी गई है। हालांकि रात के समय में भी विमान सेवा संचालित करने पर डीजीसीए बाद में निर्णय लेगा। सूत्रों ने बताया कि हवाईअड्डे से सबसे पहले चाटर्ड विमान ने उड़ान भरी।