पटना, 06 दिसम्बर, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राम मंदिर के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर तीखा हमला करते हुए आज कहा कि भगवान श्रीराम के प्रति इनकी कोई अास्था नहीं है वो केवल इसे ‘पाॅलिटिकल टूल्स’ की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं। श्री कुमार ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा और संघ को भगवान श्री राम में कोई आस्था नहीं हैै। वे भगवान राम को एक टूल्स की तरह इस्तेमाल करना चाहते है जो लोगों को स्वीकार नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भगवान राम के प्रति आस्था सिर्फ भाजपा के सदस्यों को नहीं है, देश में बहुसंख्यक लोगों की आस्था है। लोगों की भगवान राम के प्रति जो श्रद्धा है, उसको उभारकर ही इसका राजनीतिक लाभ भाजपा एवं संघ लेना चाहती है , इसलिए समय-समय पर ये इस मुद्दे को उभारते है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिर का मुद्दा इनका पाॅलिटिकल लाइन है। धर्म एवं आस्था से उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि अच्छा है कि सब लोग भगवान राम के मंदिर निर्माण की तारीख पूछ रहे है, भाजपा तारीख बता दें। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण का संघ एवं भाजपा के लोग राजनीतिकरण करते रहे हैं और हमेशा इस मुद्दे को जिंदा रखना चाहते है। अब उत्तर प्रदेश का चुनाव नजदीक है इसलिए भाजपा और संघ ने इस मुद्दे को फिर से जिंदा रखने की कोशिश शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि इनका ये नारा है, ‘राम लला हम आयेंगे, मंदिर वहीं बनायेंगे, तारीख नहीं बतायेंगे‘। अब इस बात को लेकर चारो तरफ से लोग मांग करने लगे है कि तारीख बतायें। उन्होंने कहा कि स्वभाविक है कि भाजपा को इसका जवाब देना चाहिये। उन्होंने कहा कि वैसे मंदिर का निर्माण और स्थल है, तय है। मंदिर का निर्माण या तो अदालत के फैसले से होगा या आपसी रजामंदी से होगा। इस बात को जानते हुये भी भाजपा के लोग इस मुद्दे को बार-बार छेड़ते है। अब चारो तरफ से मांग उठ रही है कि मंदिर बनाइयेगा तो कब बनाइयेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा, संघ और इनसे जुड़े हुये सभी संगठनो का मंदिर निर्माण को लेकर असली चेहरा लोगो के सामने आ चुका है।
राजधानी के जाने माने सर्जन डाॅ0 सुनील कुमार से रंगदारी मांगने को लेकर पत्रकारों द्वारा पूछे गये एक प्रश्न के उत्तर में श्री कुमार ने कहा कि अखबार में खबर पढ़ लीजिये। अपने आप सब बात पता चल जाती है। हमनें भी आज अखबार में पढ़ा है। तत्काल डी0जी0पी0 श्री पी0के0 ठाकुर से बात की है। स्पीड पोस्ट से रंगदारी की मांग की गई है, इसके सभी पहलूओं की जांच हो रही है। कभी कोई मैसेज भेजकर, कभी स्पीड पोस्ट से रंगदारी की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी पहलूओं की पुलिस जांच कर रही है। तथ्य को पुलिस जरूर उजागर करेगी। वास्तविकता लोगों के सामने लायेगी। सभी पहलूओं पर पुलिस गंभीरतापूर्वक जाॅच कर रही है। पत्रकारों द्वारा मधेश समस्याओं पर पूछे जाने पर श्री कुमार ने कहा कि नेपाल से लोग आकर भारत में मिलते रहते है। इसमें कोई नई बात नहीं है। तराई इलाके के लोग भी आकर देश के विभिन्न दलों के नेताओं से मिल रहे है। उनके मन में जो बात होगी वे कहेंगे। मुलाकात के पहले कुछ कहने से क्या फायदा। उन्होंने कहा कि वे नाै दिसम्बर को दिल्ली जायेंगे। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री श्री अरूण जेटली की लड़की की शादी के बाद रिसेप्सन का समारोह है, उसमें भाग लेंगे। उसके अलावे क्या-क्या करेंगे, किन लोगों से मिलेंगे, इसके बारे में कार्यक्रम तय नहीं हुआ है। अभी तो कल और परसो विधान मंडल का सत्र है, उसी पर ध्यान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जैन मूर्ति जिसकी चोरी हुई थी, वह आज सवेरे बरामद हो गई है। इस घटना के तुरंत बाद से ही पुलिस की सक्रियता थी, उसके चलते चारो तरफ एक वातावरण बना। कई लोगों से पूछताछ भी चल रही थी। हर बिंदु से इसकी जाॅच चल रही थी। अंतिम तौर पर इस मामले को सी0बी0आई0 को सौंपने का भी निर्णय लिया गया और सी0बी0आई0 के लोगों से भी अनौपचारिक सहयोग भी लेना प्रारंभ कर दिया गया था। औपचारिक तौर पर सी0बी0आई0 ने इसे अपने हाथ में नहीं लिया था। उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस एवं जांच एजेंसी इस काम में लगी हुई थी और जो वातावरण पैदा हुआ, उसका परिणाम है कि मूर्ति प्राप्त हो गई।