चेन्नई, 08 दिसंबर, बाढ़ प्रभावित तमिलनाडु में युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है जिससे धीरे-धीरे जनजीवन पटरी पर लौट रहा है, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुए तमिलनाडु के कुड्डालोर जिले और पुड्डुचेरी के कुछ स्थानों का आज दौरा कर नुकसान का जायजा लिया और पीड़ितों को राहत सामग्री बांटी। कुड्डालोर के दौरे के बाद पत्रकारों से बातचीत में श्री गांधी ने कहा कि नुकसान बहुत ज्यादा हुआ है। केंद्र और राज्य सरकार को पीड़ितों की मदद के लिए अतिरिक्त काम करना होगा। इससे पहले पुड्डुचेरी के षण्मुगमपुरम में पत्रकारों से बातचीत में श्री गांधी ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित लोगों तक मदद जल्द से जल्द पहुंचनी चाहिए। एचनगादू में किसानों से बातचीत के दौरान श्री गांधी को किसानों ने बताया कि बाढ़ के कारण उनके इलाके में दस एकड़ में फसल बर्बाद हो चुकी है और उन्हें अभी तक किसी तरह की मदद नहीं मिली है। इस बीच पुड्डुचेरी प्रदेश कांग्रेस समिति (पीसीसी) ने बाढ़ पीड़ितों लिए पुड्डुचेरी को दी जाने वाली मदद को बढ़ाकर 400 करोड़ रुपये करने के लिए दबाव बनाने की अपील की। पीसीसी ने इस संदर्भ में भी गांधी को ज्ञापन भी सौंपा है।
बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित चेन्नई, तिरुवरुर, नागापत्तीनम और कुड्डालोर जिलों बचाव एवं राहत अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। यहां लगातार दूसरे दिन बारिश नहीं होने और खिली धूप निकलने से लोगों को बहुत राहत मिली है। चेन्नई और उसके उपनगरीय इलाकाें से धीरे धीरे पानी का निकास हाे रहा है। राहत और बचाव कार्य में लगे कर्मी अब कीचड़ और मलबा हटाने के साथ प्रभावित लोगों के पुनर्वास में लगे हुए हैं। बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित काेट्टुरूपुरम में लोगों की संपत्ति काे सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। जगह-जगह मलबा और कीचड़ जमा है। छह दिनों तक बंद रहने के बाद ऑटो-रिक्शा अौर सार्वजनिक परिवहन के शुरू होने के बाद लोगों को राहत मिली है। चेन्नई, कुड्डालोर, तिरुवल्लूर और कांचीपुरम जिलों में 5554 राहत शिविरों में दस लाख 38 हजार लोगों ने शरण ली हुई है। अब तक 350 लोगों के मारे जाने की खबर है जबकि लाखों लोग बेघर हो गए। चेन्नई में कल से विमान सेवा के परिचालन को आंशिक रूप से शुरू किया जिसके बाद 52 विमानों का परिचालन यहां से शुरू हुआ। कुड्डुालोर में बारिश से हजारों एकड़ में फसल के बर्बाद होेने से किसानों को भारी नुकसान पहुंचा है। एक दिसंबर से बचाव अभियान चला रहे भारतीय सेना की 15 टीमों ने अब तक 20 हजार लोगों काे बाढ़ प्रभावित इलाकाें से सुरक्षित जगह पहुंचाया है। शहर के विभिन्न इलाकों में सेना के चार दल चिकित्सा दल चिकित्सा सहायता प्रदान कर रहे हैं। इस बीच दक्षिण भारतीय फिल्मों के महानायक रजनीकांत ने इस बार अपना जन्मदिन नहीं मनाने का फैसला किया है । रजनीकांत का जन्मदिन 12 दिसंबर को है लेकिन उन्होंने अपने प्रशंसकों से उनके जन्मदिन पर जश्न न मनाने का आग्रह किया है। उन्होंने अपने प्रशंसकों से एक होकर बारिश से प्रभावित लोगों की मदद करने का आग्रह किया। रजनीकांत का मानना है कि राज्य के लोगों को मदद देना उनका जन्मदिन मनाने से अधिक महत्वपूर्ण है।
तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे जयललिता ने बाढ़ में अपने मकानों को गंवाने वाले प्रत्येक परिवार को एक लाख रुपये वित्तीय सहायता देने की घोषणा की। आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार सुश्री जयललिता ने कहा कि चेन्नई में तत्काल दस हजार अस्थायी घर बनाये जाएंगे। इसके अलावा बाढ़ पीड़ितों को तत्काल राहत के लिए प्रत्येक परिवार को पांच हजार रुपए नकद तथा दस किलो चावल, एक धोती तथा एक साड़ी उपलब्ध करायी जाएगी। सुश्री जयललिता ने बाढ़ प्रभावित पीड़ितों के लिए मुआवजा पैकेज का एलान किया है जिसके मुताबिक बरिश के कारण झोपड़ियों का नुकसान होने वालों को 10,000 रुपये और स्थायी घरों में रहने वालों को 5,000 रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है। तमिलनाडु उत्पादन तथा वितरण निगम ने आज यहां के सभी इलाकों में बिजली की आपूर्ति बहाल कर दी है और लोगों को करंट से बचने के लिये सुझाव दिया है। राज्य सरकार ने आज भी स्कूलों और कॉलेजों को बंद रखने का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आदेश दिया है कि वह क्षतिग्रस्त फसलों के सर्वेक्षण का काम जल्द पूरा करें। जिन किसानों को 33 फीसदी से ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा उन्हें 13,500 रुपये प्रति हेक्टेयर के हिसाब से मुआवजा देने का एलान किया है।