नयी दिल्ली 09 दिसम्बर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)ने लोकतंत्र की दुहाई देकर संसद में हंगामा मचा रही कांग्रेस पर तीखा निशाना साधते हुए आज कहा कि संसद को ठप कर वह देश की प्रगति में बाधा डाल रही है तथा संसद के माध्यम से न्यायपालिका को धमकी दे रही है इसलिए कांग्रेस ही लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा है। भाजपा के वरिष्ठ नेता एम वेंकैया नायडू ने यहां पार्टी की नियमित ब्रीफिंग में कहा कि पिछले दो दिन से कांग्रेस ने न्याय और लोकतंत्र के नाम पर संसद को ठप कर रखा है लेकिन यह शोध का विषय है कि वह किस मुद्दे पर हंगामा कर रही है।
उन्होंने कहा कि राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा है कि लोकतंत्र खतरे में है , श्री नायडू ने कहा कि वह खुद भी मानते हैं कि लोकतंत्र खतरे में है पर यह खतरा कांग्रेस से है। वह जनादेश को नहीं मान रही है और अपनी हार को पचा नहीं पा रही है। भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस संसद को ठप कर शासन में बाधा पहुंचा रही है जिससे विकास के काम नहीं हो रहे इस तरह से वह लोगों से बदला ले रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र नहीं ‘भीड़तंत्र ’ में विश्वास करती है और इसकी अगुवाई कर रही है। कांग्रेस मुद्दा उठाती है लेकिन उसका जवाब नहीं चाहती। उसका काम केवल विधेयकों को लटकाना है।