रांची, 09 दिसंबर, केन्द्रीय सूक्ष्म, मध्यम और लघु उद्योग राज्यमंत्री गिरिराज सिंह ने आज कहा कि देश में अल्पसंख्यक की परिभाषा तय होनी चाहिए। श्री सिंह ने यहां विकास भारती में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि अल्पसंख्यक का क्या मॉडल होगा, इस पर देश में बहस होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक तय करने का पैमाना प्रखंड, जिला या प्रदेश होगा, इसे तय किया जाना चाहिए क्योंकि आज किसी जिले में 76 प्रतिशत आबादी वाला भी अल्पसंख्यक कहलाता है।
उन्होंने कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि देश में कहीं भी असहिष्णुता का वातावरण नहीं है और देश में हो रहे विकास से ध्यान बंटाने के लिए कुछ लोग असहिष्णुता का मुद्दा उठा रहे हैं। श्री सिंह ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में न्यायालय अपना काम कर रही है और जो बातें कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को न्यायालय में कहनी चाहिए उसके लिए वह संसद में बातें कहने की बात कह रहे है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संसद को चलने नहीं दे रही है और देश के विकास को बाधित करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विदेशों में अपनी प्रतिष्ठा बढ़ाई है और पाकिस्तान भी बिना शर्त वार्ता के लिए राजी हुआ है। उन्होंने कहा कि देश में कौशल विकास पर प्रधानमंत्री विशेष ध्यान दे रहे हैं और लोगों को अधिक से अधिक रोजगार मुहैया हो इसके लिए केन्द्र सरकार लगातार प्रयास कर रही है।