नयी दिल्ली 09 दिसंबर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं सांसद डा सी पी ठाकुर ने पटना में महात्मा गांधी सेतु के समानांतर एक नये पुल के निर्माण के लिए तुरंत जरूरी कदम उठाने की आज मांग करते हुये कहा कि उत्तर एवं दक्षिण बिहार को जोडने वाले महात्मा गांधी सेतु की जर्जर स्थिति तथा उस पर लग रहे जाम के कारण न सिर्फ आम लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड रहा है बल्कि निर्धारित समय पर शादियां नहीं हो पा रही है। डा ठाकुर ने इस संबंध में केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मिलने के बाद कहा कि पिछले सप्ताह सेतु पर लगे भयंकर जाम के कारण कई दुल्हों को पूरी रात जाम में फंसे रहने के कारण उस दिन उनकी शादी स्थगित करनी पड़ी। इतना ही नहीं रास्ता नहीं मिलने की वजह से आये दिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिलायें रास्ते में प्रसव करने को बाध्य होती है।
उन्होंने बताया कि श्री गडकरी ने उन्हें विश्वास दिलाया कि गांधी सेतु के समानांतर गंगा नदी पर एक आधुनिक पुल के निर्माण के लिए केन्द्र सरकार धनराशि देने के लिए तैयार है वशर्ते बिहार सरकार पुल निर्माण की लिखित अनुमति दे दे। उन्होंने बताया कि गांधी सेतु का पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने वर्ष 1984 में उद्घाटन किया था और इसके कुछ वर्षाें के बाद ही इसमें तकनीकी खामियां उत्पन्न हो गयी , जिसके बाद से लगातार इस पर मरम्मत का कार्य चलता रहता है जिसके कारण बडी संख्या में दोनो ओर वाहन फंस जाते हैं और जाम लग जाता है। डा ठाकुर ने कहा कि इस पुल के निर्माण काे लेकर किसी भी पक्ष को राजनीति नहीं करनी चाहिए और वैकल्पिक पुल के निर्माण के लिए तुरंत सकारात्मक दिशा में पहल की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि गंगा नदी पर ही मोकामा के निकट बने राजेन्द्र सेतु की स्थिति भी जर्जर है और उस पर मरम्मत का काम चल रहा है जिसके कारण उत्तर और दक्षिण बिहार को जोडने की कोई दूसरी व्यवस्था नहीं है।
भाजपा नेता ने कहा कि गांधी सेतु न :न केवल उत्तर और दक्षिण बिहार को जोडने का संपर्क मार्ग है बल्कि नेपाल को आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने का यही एक मार्ग है। इस मार्ग से रक्सौल और वीरगंज के रास्ते मुख्य रूप से नेपाल को पेट्रोलियम और दूसरी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति की जाती है। डा ठाकुर ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से नये पुल के निर्माण के दिशा में सकारात्मक पहल करने का अनुरोध करते हुये कहा कि वे जरूर इस दिशा में कदम उठायेंगे जिससे आम लोगों को दिन प्रतिदिन की समस्याओं से छुटकारा मिल सकेगा।