बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को फेसबुक पर एक कविता के जरिये नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोदी को बिहार से न तो प्रेम है और न ही उसके बारे में ज्ञान है। जो बिहार से अनजान हैं वह कैसे नया बिहार बनाएंगे। नीतीश ने फेसबुक पर मोदी का नाम लिए बिना एक कविता लिखी है, उन्हें न प्रेम है न ज्ञान है, बिहार से अनजान हैं, ये कैसे बिहार बनाएंगे। वोट तभी तो आएंगे जब बिहार को भटकाएंगे।
उन्होंने आगे लिखा है, जो विकास हुआ उसे नकार दें, कुछ हादसों पर डकार दें। आओ विकास को जाम करें। बिहार को बदनाम करें, आतंकवाद का हवाला दें, झूठे घोटालों का झाला दें। मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने लिखा है, बिहार में हुंकार भरें, महाराष्ट्र में आभार भरें, बढ़ते बिहार के मनोबल को प्रपंच से तार-तार करें। नीतीश ने इस कविता के जरिये मोदी पर कटाक्ष किया है। उनका इशारा बिहार सहित उत्तर भारतीयों का विरोध करने वाले राज ठाकरे की पार्टी मनसे द्वारा भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में उम्मीदवार नहीं खड़ा करने पर है। साथ ही, पूर्णिया रैली में मोदी के उन आरोपों पर भी निशाना साधा है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि नीतीश ने प्रधानमंत्री बनने के लिए राजग से गठबंधन तोड़ा।