अमेरिकी सुरक्षा अधिकारी स्ट्रोब ट्रेल्बॉट ने आशंका जताई है कि आतंकी भारत में 9/11 जैसे हमले की तैयारी में हैं और वह लापता मलेशियाई विमान से इस घटना को अंजाम देना चाहते थे। उन्होंने कहा कि आतंकी भारत के किसी बड़े शहर में यह हमला करना चाहते थे।
स्ट्रोब ने ईंधन, रेंज और दिशा को देखते हुए यह आशंका जताई है। स्ट्रोब अमेरिकी विदेश नीति के प्रमुख हैं और बिल क्लिंटन के कार्यकाल में अमेरिका के उप विदेश मंत्री रहे हैं। स्ट्रोब के इस तरह की आशंका जताने के बाद भारतीय एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। उल्लेखनीय है कि मलेशिया एयरलाइंस का विमान एमएच370 गत शनिवार को मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर से चीन की राजधानी बीजिंग के लिए रवाना होने के एक घंटे बाद रहस्यमय ढंग से रडार स्क्रीन से गायब हो गया था। इस विमान में पांच भारतीय और चालक दल के 12 सदस्यों समेत कुल 239 लोग सवार थे।
तलाशी अभियान में दक्षिण पूर्व एशिया के 14 देशों की नौसेनाएं एवं सैन्य विमानों के लगे होने के बाद भी अब तक विमान या उसके मलबे का कुछ पता नहीं चल सका है। लापता विमान की तलाश करने का अभियान हिंद महासागर तक विस्तृत कर दिया गया है।