असम के जोरहाट में एक महिला को कथित रूप से आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी है। यह महिला भी राहुल गांधी की महिला कार्यकर्ताओं के साथ जोरहाट में आयोजित वार्ता में उपस्थित थी और उसने राहुल गांधी के गाल पर चुंबन लिया था। कांग्रेस उपाध्यक्ष के साथ इस नजदीकी को देखने के बाद उस महिला का उसके पति के साथ झगडा हो गया था। झगडे के बाद बोन्ती चुटिया (38) नामक इस महिला ने अपने शरीर में आग लगा ली थी जिससे उसकी मौत हो गई थी।
एफआईआर में कहा गया है कि चुबंन के इस दृश्य का टी.वी. चैनलों पर लगातार प्रसारण इस दंपत्ति के झगडे का कारण बना। नारी मुक्ति संग्राम समिति द्वारा जोरहाट थाने में दर्ज एफआईआर में गांधी सहित असम के मुख्यमंत्री रूण गोगोई तथा राज्य कांग्रेस प्रमुख भुवनेश्वर कलिता को भी दोषी ठहराया गया है। गोगोई और कलिता ने ही उस महिला को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुलाया था।
जोरहाट के पुलिस अधीक्षक अमनजीत कौर ने बताया कि पुलिस एफआईआर की जांच कर रही है और यह अभी तक दर्ज नहीं की गयी है। घटना के बाद में पुलिस के उच्चाधिकारियों और राज्य कांग्रेस इकाई ने पार्टी की महिला कार्यकर्त्ताओं के कार्यक्रम में बोन्ती के शामिल होने से इनकार किया था। बोन्ती बेकाजान ग्राम पंचायत की काउंसलर थी।