बिहार के मुंगेर जिले के सफियाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के रहने वाले एक हथियार तस्कर को पांच अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आशंका जताई है कि उक्त हथियारों का इस्तेमाल मौजूदा लोकसभा चुनाव में किया जाना था।
मुंगेर के पुलिस अधीक्षक वरुण कुमार सिन्हा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सफियाबाद के पास ऑटो रिक्शा से जा रहे प्रदीप सिंह उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से तीन रिवाल्वर, दो पिस्तौल और चार कारतूस के अलावा 10 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार व्यक्ति उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद का रहने वाला है।
सिन्हा ने बताया कि जब्त हथियार मुरादाबाद के ही रिंकू सिंह को आपूर्ति किया जाना था। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार हथियार तस्कर से पुलिस पूछताछ कर रही है।