ओडिशा के सुंदरगढ़ लोकसभा क्षेत्र से बीजू जनता दल (बीजद) के प्रत्याशी और भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान दिलीप तिर्की के चुनाव प्रचार में पद्मश्री सम्मान का उपयोग करने पर रोक लगा दी गई है। एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी ने तिर्की को पत्र लिखकर चुनाव प्रचार से संबंधित उन सभी सामग्रियों को तुरंत हटाने का निर्देश दिया, जिनपर उनके नाम के आगे पद्मश्री लगा था।
जिला निर्वाचन अधिकारी बी. एस. पुनिया ने तिर्की को निर्देश दिया कि पद्मश्री का उपयोग अपने चुनावी पोस्टरों, बैनरों और दूसरी चुनाव सामग्रियों में करना अनुचित है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह निर्देश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी जुआल ओराम दर्ज कराई गई शिकायत के एक सप्ताह बाद दिया है।
तिर्की ओडिशा से मौजूदा समय में राज्यसभा सदस्य हैं। खेल के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए (हॉकी) उन्हें 2004 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। सुंदरगढ़ लोकसभा सीट से वैसे तो 12 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला कांग्रेस के हेमनंदा बिस्वाल, भाजपा के जुआल ओराम और बीजद के दिलीप तिर्की के बीच माना जा रहा है। ओडिशा में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान 10 अप्रैल को कराए जाएंगे।