लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में पूर्वोत्तर के तीन राज्यों अरुणाचल, मणिपुर और नगालैंड में बुधवार सुबह 7 बजे मतदान शुरू हो गया। दोनों राज्यों में मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा। बुधवार को नगालैंड की एकमात्र सीट, मणिपुर की दो में से एक सीट के लिए मतदान कराया जा रहा है। मणिपुर में अभी कांग्रेस सत्ता में है और नगालैंड में नगा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) नीत नगालैंड लोकतांत्रिक गठबंधन (डीएएन) की सरकार है। मणिपुर में जनजाति के लिए आरक्षित मणिपुर बाहरी सीट पर मतदान बुधवार को कराया जा रहा है, जबकि भीतरी मणिपुर क्षेत्र के लिए 17 अप्रैल को मतदान होगा। बाहरी मणिपुर में बहुकोणीय संघर्ष के आसार दिख रहे हैं। यहां से एक महिला सहित 10 प्रत्याशी मैदान में हैं।
सत्ताधारी कांग्रेस ने अपने मौजूदा सांसद थांगसो बाइटे को फिर से उतारा है, जबकि भारतीय जनता पार्टी ने गणगमुमेई कामेई को उतारा है। तृणमूल कांग्रेस से किम गांगटे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने चुंगखोकाई डोउंगेल को मैदान में उतारा है। तृणमूल प्रत्याशी किम गांगटे (51) मणिपुर से विजयी हो चुकी पहली महिला सांसद रही हैं। वे 1998 के लोकसभा चुनाव में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज की थी। इस वर्ष के चुनाव में सशस्त्र बल (विशेष शक्तियां) अधिनियम वापसी, और विकास बड़े मुद्दे हैं।
बाहरी मणिपुर लोकसभा क्षेत्र में 911,699 मतदाताओं में से 463,068 महिलाएं हैं जो 1,406 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। नगालैंड में मुख्यमंत्री नेइफियू रिओ खुद ही कांग्रेस के प्रत्याशी के. वी. पुसा को चुनौती देंगे। रियो की एनपीएफ भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का घटक है। तीन प्रत्याशियों के बीच होने जा रहे मुकाबले में अखेई अचुमी सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) से भाग्य आजमा रहे हैं।
राज्य के एक मात्र लोकसभा सीट के लिए 1182,903 मतदाता 2059 मतदान केंद्रों पर तीनों प्रत्याशी में से अपनी पसंद का उम्मीदवार चुनेंगे। चुनाव आयोग ने मिजोरम की एक मात्र सीट के लिए मतदान की तारीख टालते हुए 11 अप्रैल को वहां मतदान कराने का फैसला लिया है। राज्य में एनजीओ और छात्र संगठनों की ओर से तीन दिनों के बंद और मतदान बहिष्कार को देखते हुए आयोग ने यह फैसला लिया है। पहले यहां भी 9 अप्रैल को मतदान कराया जाना था।
अरुणाचल प्रदेश में लोकसभा की दो सीटों के लिए और 60 सदस्यीय विधानसभा के सदस्यों के निर्वाचन के लिए बुधवार को मतदान शुरू हो गया। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। इससे पहले वर्ष 2009 के आम चुनाव में कांग्रेस ने अरुणाचल प्रदेश से लोकसभा की दोनों सीटों- अरुणाचल पश्चिम और अरुणाचल पूर्व पर जीत दर्ज की थी।