कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव सुनील राय ने सवर्णो की बात करनी पार्टियों सपा, भाजपा और बसपा पर गरीब सवर्णो की अनदेखी का आरोप लगाया है।उन्होंने कहा कि प्रदेश की सपा सरकार ने लोकसभा चुनाव में अपने घोषणा पत्र में सवर्ण आयोग बनाने की बात कही है। वहीं बसपा ने गरीब सवर्णो को आर्थिक सुधार पर आरक्षण देने का मुद्दा उठाया है। उधर भाजपा भी सवर्णो की बात करती थक नहीं रही है। इन सबके के बाद भी ये पार्टियां आजमगढ़ के गरीब ब्राह्मण पाठक परिवार को नजरअंदाज कर रही है।
उन्होंने कहा कि आजमगढ के दीदारगंज के बरदह में चार साल पहले पुलिस हिरासत में दो सगे भाई विपुल और अतुल की हत्या कर दी जाती है। पिता को जेल में डाल दिया गया। यही नहीं उनके घर को अराजक तत्वों ने फूंक दिया। जिससे पाठक परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच गया। लेकिन आज तक उन्हें न्याय नहीं मिला। न ही किसी राजनीतिक दल ने उनका मुद्दा उठाया।
उन्होंने कहा कि एक बार सपा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव स्वयं आजमगढ में इस पीड़ित परिवार से मिल चुके हैं और उन्होंने वादा भी किया था कि सपा सरकार बनने पर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा। लेकिन सरकार बनने के दो साल बाद भी मामला जस का तस है। राय ने कहा कि पाठक परिवार को अभी न्याय नहीं मिला तो जिस दिन सपा मुखिया आजमगढ में अपना नामांकन करेंगे वह पीड़ित पाठक परिवार के साथ कचहरी में भूख हड़ताल पर बैठेंगे।