Quantcast
Channel: Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)
Viewing all articles
Browse latest Browse all 78528

यूपीए के शासनकाल में देश की साख गिरी : आडवाणी

$
0
0

advani rally
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी ने कहा कि पिछले 10 वर्षो में केंद्र की संप्रग सरकार की निष्क्रियता के कारण जहां देश में महंगाई बढ़ी है, भ्रष्टाचार का बोलबाला हुआ है, वहीं देश की विदेशों में साख पर भी बट्टा लगा है। मध्य प्रदेश में खरगोन संसदीय क्षेत्र के बडवानी में भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में आयोजित जनसभा में शनिवार को आडवाणी ने कहा कि एक तरफ जहां कांग्रेस ने देश की साख गिराई है वहीं देश के जिन प्रदेशों की भाजपा की सरकारें हैं उन्होंने विकास और सुशासन देकर अलग पहचान बनाई है। नरेंद्र मोदी देश में विकास और सुशासन का प्रतीक बनकर उभरे हैं। 

आडवाणी ने भरोसा जताया कि 16वीं लोकसभा के चुनाव देश में परिवर्तन की लहर के साथ देश के लिए एक सुखद परिणाम देंगे और कांग्रेस के शासन का अध्याय समाप्त होगा। मोदी के नेतृत्व में देश में एक सशक्त, दूरदर्शी सरकार का गठन होगा, जिससे दुनिया में भारत की साख बहाल होगी। देशवासियों का खोया हुआ सम्मान लौटेगा। 

उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार का नेतृत्व नरेंद्र मोदी करेंगे। देश की जनता की आकांक्षा, विकास और सुशासन देखने की है। भाजपा की प्रतिबद्घता विकास और सुशासन से जुड़ी है। देश में आदिवासियों के कल्याण के लिए कल्पनाशीलता के साथ यदि किसी ने ठोस पहल की है, तो वह शख्स अटल बिहारी वाजपेयी रहे हैं जिन्होंने आदिवासियों के कल्याण की दिशा में ठोस पहल की।

आडवाणी ने आगे कहा कि भाजपा की सरकार देश में सभी वर्गो और समुदायों को समान न्याय और विकास के समान अवसर सुनिश्चित करेगी। विकास के रास्ते देश शक्तिशाली और समृद्धशाली बनेगा जिससे 21वीं सदी के भारत का स्वप्न साकार करने में सफल होंगे।

उन्होंने कहा कि आज देश संकट की स्थिति से गुजर रहा है, कांग्रेस ने देश की जनता के साथ भारी छल किया है और मौजूदा संकट कांग्रेस की बदनीयत, सत्ता लोलुपता का परिणाम है। इस हालत को बदलने का जनता ने संकल्प लिया है। लोकसभा चुनाव में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलेगा और नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में सशक्त सरकार का गठन होगा। जिससे देश के आम आदमी की आकांक्षाओं को पूरा किया जाएगा। 

इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी केंद्र सरकार पर जमकर हमले बोले और कहा कि कांग्रेस ने पिछले 10 वर्षो में मध्यप्रदेश के साथ पग-पग पर बेइमानी की है, जिससे प्रदेश की प्रगति में अवरोध उत्पन्न हुए हैं। उसके बाद भी राज्य विकास और कृषि विकास के क्षेत्र में अव्वल रहा है लेकिन इस स्थिति को केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार का गठन कर सुधारना होगा। जिससे मध्यप्रदेश के विकास की गाड़ी में दूसरा पहिया लग सकेगा। 

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में ओलावृष्टि से किसान पर संकट आया है। राज्य सरकार ने तत्परता से 2000 करोड़ रुपये मंजूर किए। राहत राशि बंटने में आचारसंहिता ने बाधा डाली है लेकिन यह राशि जल्दी ही संहिता खत्म होने के बाद बांटी जाएगी। 

Viewing all articles
Browse latest Browse all 78528

Trending Articles