बिहार विधान परिषद के पूर्व सभापति और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संस्थापक सदस्यों में से एक ताराकांत झा का रविवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक वे लंबे समय से बीमार थे। झा (80) ने इस वर्ष के शुरू में भाजपा से नाता तोड़ लिया था और सत्ताधारी जनता दल (युनाइटेड) का दामन थाम लिया था। पार्टी के कुछ नेताओं की कार्यप्रणाली से खफा होकर झा ने यह कदम उठाया था।
भारतीय जनसंघ और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से संबद्ध रहे झा प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भी रहे। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। झा पटना उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता थे। मैथिली भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल कराने में उन्होंने महती भूमिका निभाई थी।उनका अंतिम संस्कार बिहार के बेनीपट्टी प्रखंड अंतर्गत उनके पैतृक गांव शिवनगर में होगा।