भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता व केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गोपीनाथ मुंडे का मंगलवार सुबह एक कार दुर्घटना में निधन हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंडे के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र की राजनीति के कद्दावर नेता मुंडे (64) मंगलवार सुबह अपनी मारुति सुजुकी एसएक्स4 कार से इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर जा रहे थे, जब उनकी कार को दक्षिणी दिल्ली में अरबिंदो मार्ग पर टाटा इंडिका ने सुबह करीब 6.20 बजे टक्कर मार दी। पुलिस ने बताया कि मुंडे कार में पिछली सीट पर बैठे थे। इंडिका की टक्कर से उनकी कार को जो चोट आई, उससे मुंडे सीधे तौर पर प्रभावित हुए। अचानक हुए इस हादसे से वह हतप्रभ रह गए। उन्होंने एम्स ट्रॉमा सेंटर जाने के क्रम में पानी भी पीया।
प्रधानमंत्री मोदी ने मुंडे के निधन पर शोक जताते हुए उन्हें एक 'सच्चा जननेता'करार दिया। मोदी ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर लिखा, "एक प्रगतिशील नेता को मेरी ओर से श्रद्धांजलि, जिनके असमय निधन से हुई रिक्ति की भरपाई मुश्किल है।"मोदी ने एक अन्य ट्विट में लिखा, "गोपीनाथ मुंडे सच्चे जननेता थे। समाज के पिछड़े तबके से ताल्लुक रखने वाले मुंडे ने नई ऊंचाइयों को छुआ और लोगों की अथक सेवा की।"मोदी ने लिखा, "अपने मित्र एवं सहकर्मी गोपीनाथ मुंडे जी के निधन पर आहत एवं स्तब्ध हूं। उनका जाना सरकार तथा राष्ट्र दोनों के लिए बड़ी क्षति है।"
उधर, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के चिकित्सकों ने बताया कि उन्हें जब अस्पताल लाया गया था, उस वक्त उनके हृदय की गति रुकी हुई थी और सांसें भी नहीं चल रही थी। मुंडे को दुर्घटना के बाद यहीं लाया गया था। एम्स के जनसंपर्क अधिकारी अमित गुप्ता ने संवाददाताओं को बताया, "जब मुंडे को एम्स ट्रॉमा सेंटर लाया गया था तो उनकी सांसें नहीं चल रही थीं, रक्तचाप भी नहीं था, धड़कन भी बंद थी। इसलिए तुरंत सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटैशन) शुरू किया गया, जो अगले करीब 50 मिनट तक चला।"
उन्होंने बताया, "हृदय गति चलाने के लिए किए गए सभी प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और सुबह 7.20 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।"उन्होंने बताया कि मुंडे को कोई बाहरी गंभीर चोट नहीं आई थी। उन्होंने कहा, "ऐसा लगता है कि दुर्घटना के बाद उनकी हृदय गति रुक गई थी।"गुप्ता ने बताया कि मुंडे के निजी सहायक और कार चालक दुर्घटना के करीब 10 मिनट बाद सुबह 6.30 बजे उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
वहीं, पार्टी के वरिष्ठ नेता व केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि मुंडे के शव को अंतिम संस्कार के लिए मराठवाड़ा के बीड जिले में उनके पैतृक गांव पर्ली ले जाया जाएगा, जहां बुधवार को उनका अंतिम संस्कार होगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने बताया कि मुंडे के निधन के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम से ही चल पाएगा। उन्हें जब अस्पताल लाया गया तो उनके हृदय की गति रुकी हुई थी।
पुलिस ने इंडिका कार के चालक गुरविंदर को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी चिकित्सकीय जांच कराई गई है। इस बीच, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रवक्ता राम माधव ने मुंडे के निधन को भाजपा के लिए 'बड़ी क्षति'करार दिया है। माधव ने ट्विटर पर लिखा, "गोपीनाथ जी का जाना दुखद एवं स्तब्धकारी है। वह महाराष्ट्र के कद्दावर नेता थे। भाजपा, महाराष्ट्र तथा राष्ट्रीय राजनीति को उनके निधन से बड़ा नुकसान हुआ है।"उन्होंने लिखा, "महाराष्ट्र में पार्टी के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले गोपीनाथ जी को श्रद्धांजलि। उन्होंने छात्र राजनीति से शुरुआत की और राष्ट्रीय नेता बने।"