ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली विश्व की पहली अश्वेत महिला एथलीट एलिस कोचमैन डेविस का 90 साल की उम्र में निधन हो गया। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक एलिस ने दक्षिण जॉर्जिया में अंतिम सांस ली। एलिस की बेटी एवलिन जोंस ने अपनी मां के निधन की पुष्टि की।
एलिस ने 1948 के लंदन ओलम्पिक खेलों में ऊंची कूद स्पर्धा में पहला स्थान हासिल किया था। उन्होंने 1.68 मीटर की ऊंचाई नापी थी, जो कि उस समय अमेरिकी और ओलम्पिक रिकार्ड था। एलिस को 1975 में अमेरिकी ट्रैक एंड फील्ड हाल ऑफ फेम में शामिल किया गया। इसके बाद 2004 में उन्हें अमेरिकी ओलम्पिक हाल ऑफ फेम सूची में जगह दी गई।