Quantcast
Channel: Live Aaryaavart (लाईव आर्यावर्त)
Viewing all articles
Browse latest Browse all 78528

लालू-नीतीश एक साथ, भाजपा पर किया हमला

$
0
0

nitish-lalu-share-stage-after-20-years
कभी धुर विरोधी रहे बिहार के दो राजनीतिक दिग्गज राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद और जनता दल (युनाइटेड) के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार सोमवार को मंच पर एक साथ आए और जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने केन्द्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर जमकर हमला बोला। बिहार की 10 विधानसभा सीटों के लिए हो रहे उपचुनाव के प्रचार के दौरान हाजीपुर विधानसभा क्षेत्र के जमालपुर सभई के मैदान में लोगों को संबोधित करते हुए राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने कहा,"नीतीश और हम एक ही परिवार के हैं। बीच में बिखर गए थे और बउआ गए थे लेकिन अब फिर साथ आ गए हैं।" 


उन्होंने कहा कि देश गलत हाथों में चला गया है। उन्होंने नरेन्द्र मोदी पर चुटकी लेते हुए कहा कि मोदी ने जब शपथ ली थी तब गदहबेर (गोधूली का समय) था, वह समय ही गलत था। यही कारण है कि मोदी जहां भी जा रहे, वहीं अशुभ हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोगों को लोकसभा चुनाव में सपना दिखाकर ठगा है। लालू ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान कहा गया था कि रामराज्य आ जाएगा, परंतु अब बारिश ही नहीं हो रही है तब कैसे रामराज्य आएगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश की नेता मायावती और मुलायम सिंह यादव से भी साथ आने की अपील की। 



इधर, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "चुनाव के सिलसिले में हमारी पहली सभा हो रही है, पिछले काफी दिनों से यह अटकलें थी कि लालू जी के साथ नीतीश आएंगे कि नहीं। आज सभी अटकलों पर विराम लग गया। चाहे लोग मेरा जितना मजाक उड़ाएं या लालू जी का जितना मजाक उड़ाएं, कुछ लोगों पर सत्ता का नशा चढ़ गया है।" 



उन्होंने कहा कि भाजपा को लोकसभा चुनाव में जितना वोट प्रतिशत मिला है, उतने पर कभी पूर्ण बहुमत की सरकार नहीं बनी थी। उन्होंने कहा कि सरकार चलाना आसान है, परंतु देश चलाना मुश्किल है।  उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान जितने भी वादे किए गए थे, वे कभी पूरे नहीं होने वाले हैं। अच्छे दिन की बात कही गई थी, परंतु क्या हाल है यह सभी लोग देख रहे हैं। 



उल्लेखनीय है कि राज्य की 10 विधानसभा सीटों के लिए 21 अगस्त को होने वाले उपचुनाव में जद (यू), राजद और कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ रही है। 10 सीटों में से राजद और जद (यू) चार-चार पर और कांग्रेस दो सीट पर चुनाव लड़ रही है। भाजपा का लोक जनशक्ति पार्टी और राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के साथ गठबंधन है। 

Viewing all articles
Browse latest Browse all 78528

Trending Articles



<script src="https://jsc.adskeeper.com/r/s/rssing.com.1596347.js" async> </script>