असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राज्य के सांस्कृतिक प्रतिमूर्ति दिवंगत भूपेन हजारिका को भारत रत्न से सम्मानित करने का आग्रह किया। गोगोई ने मोदी को पत्र भेजा है और कहा है कि वे व्यक्तिगत रूप से प्रधानमंत्री के समक्ष यह मुद्दा उठाएंगे। मुख्यमंत्री के कार्यालय द्वारा यहां जारी एक बयान में कहा गया है, "मैंने आज (सोमवार) प्रधानमंत्री को पत्र लिख कर उनसे महान संगीतज्ञ को भारत रत्न से सम्मानित करने पर विचार का आग्रह किया है। मैं व्यक्तिगत रूप से भी प्रधानमंत्री के सामने इस मुद्दे को रखूंगा।"
'ब्रह्मपुत्र के उद्गाता'के नाम से मशहूर हजारिका एक गीतकार, संगीतकार, गायक, कवि और फिल्मकार थे। वे मुख्य रूप से असमिया भाषा में गीत लिखते और स्वयं गाते थे। वे मानवता और विश्वबंधुत्व के पैरोकार थे। उन्होंने बांग्ला और हिंदी सहित कई भाषाओं में गीतों का अनुवाद किया और गया। बांग्लादेश सरकार ने 2011 में हजारिका को 'मुक्तिजोधा पदक'से सम्मानित किया। नवंबर 2011 में हजारिका का निधन हो गया।
उन्हें देश के दूसरे असैनिक सम्मान पद्म विभूषण से 2012 में नवाजा गया। हजारिका 1977 में पद्मश्री और 2001 में पद्मभूषण से सम्मानित किए गए। 1987 में उन्हें संगीत नाटक अकादमी अवार्ड और भारतीय सिनेमा की उन्नति में आजीवन योगदान के लिए 1993 में दादा साहेब फाल्के सम्मान दिया गया।