नेपाल में बुधवार से ही लगातार हो रही वर्षा के कारण कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन से कम से कम पांच लोगों की मौत हो चुकी है। वर्षा की वजह से बिहार का शोक के नाम से विख्यात कोसी में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। भारत से सटे देश के दक्षिणी तराई क्षेत्र पर गुरुवार को भारी वर्षा का बुरा प्रभाव पड़ा है। भूस्खलन के कारण कई राजमार्ग क्षतिग्रस्त हो गए हैं और बाढ़ के कारण लोग बीच रास्ते में फंसे हुए हैं।
पश्चिमी नेपाल में भारतीय सीमा से सटे नेपाली गंज शहर में राप्ती नदी में उफान आने के बाद पानी का स्तर बढ़ गया है। खराब मौसम के कारण नेपाल के कई पहाड़ी इलाकों में हवाई सेवा भी निलंबित है। नेपाल में लाइफ लाइन कहलाने वाले रातू नदी के ऊपर बना एक पुल बुधवार की रात ध्वस्त हो गया जिससे राजमार्ग पर सैकड़ों लोग फंस गए हैं।
इसी प्रकार सप्तकोसी नदी का जलस्तर भी लगातार बारिश के कारण उफान पर है और नदी के पूर्वी हिस्से में स्थित बैराज को सावधान कर दिया गया है। बिहार का शोक के नाम से विख्यात कोसी में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।