पटना के घोसवारी प्रखंड कार्यालय पर मंगलवार को बाढ़ पीड़ितों ने राहत सामग्री की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने प्रखंड कार्यालय में जमकर उत्पात माचाया और पुलिस पर पथराव किया। लोगों को शांत कराने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। घोसवारी प्रखंड के बाढ़ पीड़ितों का सब्र मंगलवार को टूट गया और सैकड़ों की संख्या में बाढ़ पीड़ित प्रखंड कार्यालय में इकट्ठा हो गए। लोग हंगामा करने लगे। आक्रोशित लोगों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल पदाधिकारी के साथ दुर्व्यवहार भी किया। लोगों के आक्रोश के कारण पदाधिकारियों को कार्यालय से भाग जाना पड़ा।
इस क्रम में जब पुलिस पहुंची तो उन्हें भी लोगों का कोपभाजन बनना पड़ा। लोग पुलिस को देखते ही पथराव करने लगे। पुलिस को लोगों को तितर-बितर करने के लिए चार राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी, तब लोग शांत हुए। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना में चार महिलाएं और चार पुलिस के जवान घायल हो गए हैं। घोसवारी में अतिरिक्त पुलिस जवानों को तैनात कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को नालंदा जिले के सरमेरा प्रखंड कार्यालय के सामने हजारों की संख्या में बाढ़ पीड़ित राहत सामग्री की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान ही भीड़ बेकाबू हो गई और पीड़ित आपदा प्रबंधन के गोदाम पर टूट पड़े और वहां रखे अनाजों को लूट लिया। भीड़ ने करीब 80 बैग गेहूं और 250 बैग चावल लूट लिए थे।