भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार, नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि भारत में घुस रहे बांग्लादेशी पश्चिम बंगाल में तमाम लोगों की आजीविका छीन रहे हैं। मोदी ने कहा कि संसाधनों और विकास पर पहला और अंतिम अधिकार स्थानीय लोगों का होता है। गुजरात के मुख्यमंत्री मोदी, ब्रिगेड परेड मैदान में पार्टी की एक रैली को संबोधित कर रहे थे। राज्य में लोकसभा चुनाव के निमित्त प्रचार के क्रम में भाजपा की यह पहली रैली थी।
मोदी ने कहा, "बांग्लादेशियों की घुसपैठ से लोग चिंतित हैं, चाहे पश्चिम बंगाल के लोग हों या असम के। इसके कारण राज्य के लोगों की आजीविका छिन रही है। देश के विकास और उन्नति के लिए संसाधनों पर पहला और अंतिम अधिकार नागरिकों का होता है।"मोदी ने सवाल किया, "क्या सबसे पहले देश के लोगों को रोजगार नहीं मिलने चाहिए? क्या संसाधनों और विकास पर देश के लोगों के अधिकार नहीं होने चाहिए? लेकिन आज लाभ बांग्लादेशियों को मिल रहा है। युवा कहां जाएंगे? गरीबों के बेटे कहां जाएंगे?"