नगर और जिले के विकास में करें सहयोग-कलेक्टर
पन्ना 09 फरवरी 14/आओ बनाए मध्य प्रदेश अभियान को सफल बनाने के लिए कलेक्टर आर.के. मिश्रा लगातार विभिन्न वर्गो से सतत संवाद कर रहे हैं। इस क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने नगरीय निकायों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पार्षदों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आओ बनाए मध्य प्रदेश विकास का नया विचार है। नगर और जिले का सामुचित विकास होने पर ही प्रदेश का भी विकास होगा। नगर को साफ-सुथरा बनाने तथा आमजनता तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में नगरीय निकायों की भूमिका महत्वपूर्ण है। नगरीय निकायों के चुने हुए पदाधिकारी तथा मुख्य नगरपालिका अधिकारी नगर और जिले के विकास में सहयोग करें। प्रदेश के विकास के संकल्प को पूरा करने के क्रम में 13 फरवरी को मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान पालीटेक्निक मैदान पन्ना में आयोजित सम्मेलन में आमजनता से सीधा संवाद करेंगे। सम्मेलन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ जिले के विकास और समस्याओं के निदान के लिए उपयोगी सुझाव प्रस्तुत करें। कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाएं आमजनता के सहयोग से ही फलीभूत होंगी। नगर में किसी तरह की कठिनाई होने और सेवा में कमी होने पर आमजन सबसे पहले नगरीय निकाय के पदाधिकारियों से ही सम्पर्क करते हैं। नगर की साफ-सफाई, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने में आमजनता का भी सहयोग लिया जाए। बीपीएल कार्ड, श्रम कार्ड तथा पेंशन प्रकरणों के निराकरण में आ रही कठिनाई को दूर करने के लिए सभी नगरीय निकायों में नियमित रूप से शिविर लगाए जाएंगे। आओ बनाए मध्य प्रदेश सम्मेलन में भी इसके आवेदन पत्र प्राप्त कर मौके पर निराकरण के लिए पृथक से स्टाल लगाए जाएंगे। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष पन्ना श्रीमती शारदा पाठक ने प्रशासन के पदाधिकारियों से संवाद की पहल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि नगर के विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधि पूरा सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने नगरपालिका पन्ना में मुख्य नगरपालिका अधिकारी के पद पर स्थाई व्यवस्था करने का अनुरोध किया। बैठक में पवित्र नगरी होने के कारण पन्ना नगर से शराब, मांस तथा अण्डे की दुकानें नगर से बाहर स्थानान्तरित करने एवं वार्डो में नाली निर्माण का सुझाव दिया गया। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष देवेन्द्रनगर सोमप्रभा राणा, नगर पंचायत अध्यक्ष पवई श्रीमती विमला वर्मा, एडीएम चन्द्रशेखर बालिम्बे, एसडीएम अशोक ओहरी तथा नगरीय निकायों के पार्षद उपस्थित रहे।
निर्माण कार्यो के लिए राशि जारी
पन्ना 09 फरवरी 14/वाटर शेड मिशन योजना के तहत विभिन्न निर्माण कार्यो के लिए राशि जारी कर दी गई है। इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती भावना बालिम्बे ने बताया कि वाटर शेड मिशन की पन्ना परियोजना में ग्राम मकरी कुठार में खेत-तालाब, स्टाप डेम, लूज वोल्डर बांध तथा गेवियन निर्माण के लिए 13 लाख 26 हजार रूपये जारी किए गए हैं। ग्राम उडकी में लूज बोल्डर बांध निर्माण के लिए 2 लाख 10 हजार तथा बिलखुरा में स्टाप डेम निर्माण के लिए 6 लाख 32 हजार रूपये की राशि जारी की गई है। इसी तरह ग्राम रक्सेहा में खेत-तालाब तथा गेवियन निर्माण के लिए 6 लाख 46 हजार एवं ग्राम बिल्हा में निर्माण कार्यो के लिए 6 लाख 30 हजार रूपयेे की राशि जारी की गई है। उन्होंने स्वीकृत निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कराने के निर्देश दिए हैं।
जनता की आशा के अनुरूप हों विकास के कार्य-कलेक्टर
पन्ना 09 फरवरी 14/कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर आर.के. मिश्रा ने पंचायत पदाधिकारियों के साथ जिले के विकास तथा आओ बनाए मध्य प्रदेश सम्मेलन के संबंध में चर्चा की। उन्होंने कहा कि आमजनता की आशाओं के अनुरूप विकास के कार्य करने होंगे। पंचायत पदाधिकारी अपने क्षेत्र के सर्वमान्य नैतृत्व करने वाले हैं। जिला पंचायत में ग्रामीण विकास के लिए कई योजनाएं लागू की गई है। इनके माध्यम से गांव के विकास में सहयोग किया जा रहा है। रोजगारमूलक तथा हितग्राहीमूलक कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। प्रदेश के विकास के लिए हर व्यक्ति का सहयोग आवश्यक है। इसी उद्देश्य से 13 फरवरी को पालीटेक्निक मैदान में आओ बनाए मध्य प्रदेश सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान जिले और प्रदेश के विकास के संबंध में सीधा संवाद करेंगे। सम्मेलन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए जिले के विकास के लिए महत्वपूर्ण सुझाव देें। कलेक्टर ने कहा कि सहयोग और समन्वय से ही विकास के लक्ष्य पूरे होंगे। जनप्रतिनिधिगण अपने-अपने क्षेत्र के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दें। जनसमस्याओं को हल करने के लिए भी हर संभव प्रयास किए जाएंगे। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुदामा बाई पटेल ने सडकों मंे सुधार, बिगडे ट्रान्सफार्मर बदलने तथा रोजगारमूलक योजनाओं के क्रियान्वयन का सुझाव दिया। जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्री जयप्रकाश पटेल ने जल संसाधन विभाग के गुणवत्ताहीन बांधों की जांच, बुन्देलखण्ड पैकेज के निर्माण कार्यो की जांच, बिजली व्यवस्था में सुधार तथा अतिवृष्टि से सोयाबीन फसल में हानि की राहत राशि प्रदान करने की मांग की। बैठक में सदस्यों ने खाद्यान्न वितरण, समर्थन मूल्य में गेंहू खरीद, मुख्यमंत्री आवास योजना तथा बीआरजीएफ योजना के संबंध में सुझाव दिए। बैठक में एडीएम चन्द्रशेखर बालिम्बे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती भावना बालिम्बे, एसडीएम अशोक ओहरी, जिला पंचायत के सदस्यगण, गौसेवा केन्द्र के सदस्य तथा किसान संघों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मंदिरों को बनाए आस्था और पर्यटन का केन्द्र-कलेक्टर
पन्ना 09 फरवरी 14/कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर आर.के. मिश्रा ने मंदिरों के प्रबंधकों तथा पुजारियों से जिले के विकास के संबंध में चर्चा की। उन्होंने कहा कि पन्ना जिले के विशाल, भव्य और सुन्दर मंदिर आमजनता की आस्था का केन्द्र है। इन्हें आस्था के साथ-साथ पर्यटन का भी केन्द्र बनाएं। मंदिरों की साफ-सफाई, पूजा तथा साज-सज्जा की पूरी व्यवस्था करें। मंदिरों के विकास के लिए हर संभव सहायता दी जाएगी। मंदिरों को सुरक्षित करने तथा उनकी व्यवस्थाओं में सुधार के लिए सतत संवाद किया जाएगा। मंदिर के पुजारियों क लंबित मानदेय एवं प्रसाद की राशि का तत्काल भुगतान होगा। कलेक्टर ने कहा कि मंदिरों के विकास के साथ-साथ आओ बनाए मध्य प्रदेश सम्मेलन में जिले के विकास के संबंध में उपयोगी सुझाव दें। सबके सहयोग से ही सम्मेलन सफल होगा। बैठक में मंदिरों में पर्यटन विकास निगम से किए जा रहे निर्माण कार्यो, प्रसाद तथा थाल की गुणवत्ता, मंदिरों को अतिक्रमण मुक्त करने, गोविन्द जी मंदिर परिसर में अवैध कब्जे को हटाने, बिहारी जी मंदिर की सुरक्षा, रामजानकी मंदिर के निर्माण कार्यो की प्रगति, जगदीश स्वामी मंदिर की आय में वृद्धि तथा मंदिरों की भूमि एवं अन्य सम्पत्तियों के प्रबंधन के संबंध में सुझाव दिए गए। बैठक में एडीएम चन्द्रशेखर बालिम्बे, एसडीएम अशोक ओहरी, श्री बाबूलाल यादव सहित विभिन्न मंदिरों के प्रबंधन समितियों के सदस्य एवं पुजारी उपस्थित रहे।